सेहत के लिए बहुत फायदेमंद फाइबर
अगर आप आंतों के कैंसर को दूर रखना चाहते हैं, तो वैज्ञानिकों ने एक नया और आसान रास्ता सुझाया है। वैज्ञानिकों का दावा है कि हर दिन तीन बार संपूर्ण अनाज (होल ग्रेन) वाले भोजन से इस बीमारी के खतरे से बचा जा सकता है। इंपीरियल कॉलेज लंदन की अगुवाई में लंदन के शोधकर्ताओं ने कहा है कि रोज अगर आप अपने भोजन में लिए जाने वाले फाइबर अथवा रेशों की मात्रा 10 ग्राम बढ़ा देते हैं, तो आंतों के कैंसर की आशंका 10 फीसद कम हो जाती है। शोधकर्ताओं ने पहले हुए शोधों के आधार पर अपने निष्कर्ष में कहा है कि भोजन में अनाज से मिलने वाले रेशों की मात्रा बढ़ा कर ‘कोलोरेक्टल’ कैंसर से बचने में मदद मिलती है। शोधकर्ताओं ने अपने इस अध्ययन में करीब 20 लाख लोगों के आंकड़ों का विश्लेषण तथा समीक्षा की। मुख्य शोधकर्ता डैगफिन ऑन के हवाले से ‘ब्रिटिश मेडिकल जर्नल ’ ने कहा है, ‘आप जितनी मात्रा में रेशे खाएंगे, उतना अच्छा है। यहां तक कि कुछ मात्रा लेने से भी असर होता है।’ हालांकि शोध में इस बात का कोई सबूत नहीं दिया गया है कि फलों और सब्जियों में मिलने वाले रेशे भी इस बीमारी से बचने में कोई मदद करते हैं। शोधकर्ताओं का यह भी कहना है कि अपने भोजन में फाइबर और संपूर्ण अनाज की मात्रा बढ़ाने से जो लाभ मिलने हैं, वे सिर्फ आंतों के कैंसर की रोकथाम तक ही सीमित नहीं हैं। यह दिल की बीमारी, टाइप 2 डायबिटीज, ज्यादा वजन और मोटापा घटाने में भी मददगार है। विशेषज्ञों का भी कहना है कि इस शोध से पहले से ही ज्ञात इस तथ्य को बल मिलता है कि आहार में पर्याप्त मात्रा में फाइबर व आंतों के कैंसर के निम्न जोखिम का आपसी संबंध है। यदि लोग पर्याप्त फाइबर वाला संतुलित आहार, फल तथा सब्जियों का ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल करते हैं तो उन्हें आंतों के कैंसर होने के बहुत कम आशंका होगी।
No comments:
Post a Comment