Wednesday, June 29, 2011

रहस्यमय बीमारी से 26 की मौत आज बिहार पहुंचेगा केंद्रीय दल


मुजफ्फरपुर में रहस्यमय बीमारी से चार और बच्चों की मौत से राज्य और केंद्र सरकार चौकन्नी हो गई है। एक हफ्ते में 26 बच्चों की जिंदगी लेने वाली इस रहस्यमय बीमारी की जांच करने केंद्र से विशेषज्ञों की टीम मंगलवार को यहां पहुंचेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बताया कि इस बारे में उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से बात कर उनसे टीम भेजने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने इस बीमारी व इससे हो रही बच्चों की मौत के संबंध में मुख्य सचिव व स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से बात की है। उन्हें यह बताया गया है कि आरएमआइ के विशेषज्ञों ने नमूना संग्रह कर जांच के लिए उसे पुणे भेज दिया है। पिछले कुछ वर्षो से जून में इस तरह की बीमारी सामने आती है। चिकित्सक लक्षण के आधार पर इसका इलाज करते हैं। नीतीश ने कहा कि यह सही समय है इसकी जांच हो जानी चाहिए कि आखिर यह बीमारी है क्या? जांच के आधार पर इलाज होना चाहिए। ऐसी बात भी कही जा रही है कि जहां लीची अधिक होती है वहां यह बीमारी अधिक होती है। पहले गोरखपुर में भी यह बीमारी होती थी। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक राष्ट्रीय संक्रामक रोग केंद्र (एनसीडीसी) के संयुक्त निदेशक डा. एस के जैन के नेतृत्व में मंगलवार को एक केंद्रीय दल प्रभावित क्षेत्र मुजफ्फरनगर पहुंचेगा। मंत्रालय ने कथित जापानी इंसेफेलाइटिस मामलों की जांच के लिए एक केंद्रीय दल मुजफ्फरपुर भेजने का निर्णय किया है। बिहार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव अमरजीत सिन्हा ने 17 जून को मुजफ्फरपुर का दौरा कर वहां हालात का जायजा लिया था। इसके बाद, 18 जून को पटना के अगमकुआं में स्थित रीजनल मलेरिया रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरएमआरआई) की एक टीम ने मुजफ्फरपुर जाकर अज्ञात बीमारी से पीडि़त बच्चों के खून के नमूने लिए थे जिन्हें जांच के लिए पुणे स्थित एनआइवी एवं नई दिल्ली स्थित एनआइसीडी भेज दिया गया। पिछले एक दिन में इस अज्ञात बीमारी से चार और बच्चों की मौत के साथ ही मृतकों की कुल बढ़कर 26 हो गई है। 30 अन्य अभी भी बीमार हैं। वहीं राजद अध्यक्ष ने दावा किया कि सोमवार सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद से उनकी इस मुद्दे पर बात हुई और आजाद ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अज्ञात बीमारी से बच्चों की मौत के मामले की जांच के लिए वहां जल्द से जल्द केंद्रीय जांच दल भेजने का आश्वासन दिया।


No comments:

Post a Comment