Friday, June 10, 2011

गरीबों का इलाज करने वालों को प्रोत्साहन भत्ता


झारखंड सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत बीपीएल रोगियों का इलाज करने वाले सरकारी डाक्टरों व पारा मेडिकल कर्मियों को बीमा कंपनी से मिलने वाली राशि (अधिकतम 30 हजार रुपए) का 25 फीसदी बतौर प्रोत्साहन भत्ता (इंसेंटिव) देगी। राज्य में गरीबों के इलाज के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत निजी अस्पतालों के अलावा रिम्स सहित अन्य सरकारी अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया गया है। यह लाभ केवल सरकारी अस्पतालों के डाक्टरों व पारा मेडिकल कर्मियों को ही मिल पाएगा। इतना ही नहीं,रोगियों को अस्पताल पहुंचाने के लिए सहिया को प्रति रोगी 100 रुपए मिलेंगे। इसके लिए सहिया को आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है। श्रमायुक्त आराधना पटनायक ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने मनरेगा कर्मियों और भवन निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। तीसरे चरण के तहत इन्हें भी स्मार्ट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभी तक केवल बीपीएल परिवारों को ही इस योजना का लाभ मिल रहा था। सरकार ने योजना के तीसरे चरण के लिए तीन बीमा कंपनियों रिलायंस इंश्योरेंस, स्टार हेल्थ इंश्योरेंस तथा चोलामंडलम का चयन किया है। तीनों बीमा कंपनियों को राज्य के अलग-अलग जिलों में पात्रों के स्मार्ट कार्ड बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।

No comments:

Post a Comment