Wednesday, June 1, 2011

किडनी से होगा दिल का इलाज


ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने दिल का इलाज किडनी से करने की अनोखी तकनीक विकसित की है। इस तकनीक से हार्ट फेल की आशंका के साथ जी रहे मरीजों का इलाज संभव हो पाएगा। इसमें किडनी से दिमाग को संकेत पहंुचाने वाली नसों को सुन्न किया जाता है। अभी तक इस तकनीक का प्रयोग हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों का इलाज करने में किया जाता था। ब्रिटिश अखबार डेली मेल के अनुसार, अब इंपीरियल कॉलेज ऑफ लंदन के वैज्ञानिकों की एक टीम दिल के दौरे का शिकार हुए मरीजों का इलाज करने में इसका इस्तेमाल कर रही है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल के दौरे का किडनी से भी संबंध होता है। किडनी शरीर के आपात स्थिति में आने का संकेत दिमाग को भेजती है। फिर दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ता है। इससे दिल पर जोर पड़ने के साथ ही सांस लेने में तकलीफ होने लगती है और दिल के दौरे के अलावा कई मामलों में हार्ट फेल तक हो जाता है। यह तकनीक इस सिद्धांत पर काम करती है कि किडनी से दिल को संकेत पहंुचाने वाली नस को सुन्न करके हार्ट फेल होने और शरीर के आपात स्थिति में पहंुचने के लक्षणों को रोका जा सकता है। इस तकनीक का परीक्षण करने वाले वैज्ञानिकों के दल के प्रमुख डॉ. फ्रांसिस ने कहा कि हमने जानवरों पर प्रयोग करके इस बात की पुष्टि कर ली है कि किडनी ही शरीर को आपात स्थिति में जाने का संकेत देती है। इतना ही नहीं यह शरीर में रक्त और पानी के स्तर को नापकर दिमाग तक इसकी सूचना पहंुचाती है। वैसे इस तकनीक को लेकर अभी और परीक्षण किए जाने हैं।


No comments:

Post a Comment