Tuesday, June 14, 2011

फिर चेताया, सेलफोन देता है कैंसर


विश्र्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने सेलफोन का इस्तेमाल करने वालों के लिए एक बार फिर चेतावनी जारी की है। उसका कहना है कि सेलफोन और अन्य वायरलैस उपकरणों के अत्यधिक इस्तेमाल से कैंसर हो सकता है। डब्ल्यूएचओ से जुड़ी कैंसर पर शोध करने वाली इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (आइएआरसी) ने आठ दिन तक फ्रांस के ल्योन में चली अंतरराष्ट्रीय बैठक के समापन पर यह निष्कर्ष पेश किया। उसका कहना है कि मोबाइल फोन जैसे उपकरणों के इस्तेमाल से उत्पन्न होने वाले विद्युत चुंबकीय क्षेत्र से कैंसर की आशंका पैदा होती है। एबीसी न्यूज के अनुसार, विशेषज्ञों ने इस बात पर भी जोर दिया कि सेलफोन आने के बाद मस्तिष्क में होने वाले एक प्रकार के कैंसर ग्लिओमा के भी मामले बढ़े हैं। इस समय दुनिया भर में कुल पांच अरब लोग सेलफोन का इस्तेमाल करते हैं। आइएआरसी के अध्यक्ष और यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया के प्रोफेसर जोनाथन सेमेट का कहना है कि सेलफोन एक हानिकारक उपकरण है। इस उपकरण और कैंसर के संबंध में अभी और शोध करने की जरूरत है। वैज्ञानिकों ने कुछ लोगों के फोन पर बात करने की आदत पर भी गौर किया। उन्होंने पाया कि इन लोगों ने पिछले दस साल में प्रतिदिन औसतन 30 मिनट फोन पर बात की थी। आइएआरसी का कहना है कि वर्तमान वैज्ञानिक निष्कर्ष वायरलैस उपकरणों और कैंसर के बीच केवल संभावित संबंध को बताते हैं, हालांकि अभी इनकी पुष्टि नहीं हुई है। आइफोन, ब्लैकबेरी और अन्य फोनों में इस्तेमाल होने वाली 3जी तकनीक में रेडियोएक्टिव किरणों का उत्सर्जन कम होता है। हालांकि इस दिशा में प्रयोग अभी शुरुआती अवस्था में ही हैं।


No comments:

Post a Comment