एलर्जी के कारण खुजली, छींक और आंखों से पानी आने जैसी समस्याओं से परेशान रहने वाले लोगों को जल्द ही राहत मिलने वाली है। वैज्ञानिकों का एक दल इसे दूर करने के लिए एक टीका विकसित कर रहा है। इस टीके के प्रारंभिक परीक्षणों से यह पता चला है कि यह मौजूदा उपचार से काफी प्रभावी और सुरक्षित है। द डेली टेलीग्राफ की खबर के अनुसार कनाडा के ऑन्टारियो स्थित मैकमास्टर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मार्क लार्चे की अगुवाई में इस पर शोध कार्य चल रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार ब्रिटेन में एलर्जी से प्रभावित होने वाले लोगों में एक बड़ी संख्या कैट एलर्जी से प्रभावित लोगों की है। यह एलर्जी बच्चों में दमा की भी मुख्य वजह है। प्रारंभिक परीक्षणों में यह टीका सुरक्षित और प्रभावशाली साबित हुआ है। मौजूदा इलाजों के मुकाबले, जिनके गंभीर दुष्परिणाम भी हैं, इसके परिणाम दीर्घकालिक हैं। अब तक 88 लोगों पर किए गए इस टीके के परीक्षण में यह पता चला है कि इससे 40 प्रतिशत तक राहत मिलती है। अगर आगे भी परीक्षण सफल रहते हैं तो शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि अन्य प्रकार की एलर्जी और बुखार के लिए भी वह ऐसा ही टीका विकसित करने में कामयाब रहेंगे। जर्नल ऑफ एलर्जी एंड क्लिनिकल इम्युनोलॉजी में प्रकाशित इस लेख में शोधकर्ताओं ने बताया है कि उन्होंने टीके की जितनी मात्रा तय की है उसने काफी प्रभावशाली परिणाम प्रदर्शित किए हैं। मुख्य शोधकर्ता ओंटारियो में मैक्मास्टर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर मार्क लार्चे ने कहा कि कैट एलर्जी बिल्लियों द्वारा उनकी ग्रंथियों से स्रावित संक्रामक प्रोटीन के स्रावित होने के कारण होती है।
No comments:
Post a Comment