Friday, January 7, 2011

यूपी के 13 जिलों में नहीं मिलेंगी आयुर्वेदिक दवाएं!

उत्तर प्रदेश के आयुर्वेदिक औषधालयों में इस साल मांग के हिसाब से आपूर्ति नहीं होगी। तेरह जिलों से मिले आर्डर को पूरा करने के लिये राजकीय आयुर्वेदिक फार्मेसी के पास महज 12 लाख रुपये है जबकि सप्लाई तीन गुने से ज्यादा रकम की होनी है। नामचीन ललित हरि राजकीय आयुर्वेदिक कालेज की राजकीय फार्मेसी से मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, जेपी नगर, बरेली, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, बुलंदशहर, बिजनौर, मेरठ और अलीगढ़ समेत सूबे के तेरह जिलों के लिये आयुर्वेदिक औषधियों की आपूर्ति की जाती है। अबकी बार चालीस लाख रुपये की औषधियां फार्मेसी में बनाई जानी है, लेकिन कालेज के पास आर्डर पूरा करने के लिए फंड ही नहीं है। वर्तमान में केवल 12 लाख की रकम ही औषधि निर्माण के मद में फार्मेसी विभाग के पास है। इस बारे में बात करने पर राजकीय आयुर्वेदिक फार्मेसी के प्रभारी डा.नरेश चंद गंगवार ने कहा, बजट कम है लेकिन ऐसी दिक्कतें नहीं आने दी जायेंगी। समय पर दवा बनवा कर भिजवायेंगे। कालेज प्रशासन के सामने समस्या को रख दिया है जल्द निराकरण होगा। राजकीय आयुर्वेदिक कालेज के प्राचाय प्रो.भृगुपति पांडेय ने कहा, शासन को अवगत करा कर डिमांड कर दी है। जितनी रकम है उसका समुचित प्रयोग कर औषधि निर्माण कराया जा रहा है। कोशिश है कि सब औषधियां समय से जाएं।

No comments:

Post a Comment