Sunday, January 23, 2011

दिमाग का नुकसान नहीं पहुंचाता माइग्रेन का दर्द


माइग्रेन की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए यह सुकून देने वाली खबर हो सकती है कि अत्यधिक पीड़ादायक सिरदर्द (माइग्रेन) दिमाग को नुकसान नहीं पहुंचाता। एक अध्ययन में यह बात सामने आई है। ब्रिटिश मेडिकल जर्नल ने इस सप्ताह ऑनलाइन एक अध्ययन जारी किया है जिसके अनुसार पेरिस के पियरे एट मैरी क्यूरी विश्वविद्यालय के एक शोधकर्ता क्रिस्टोफे टीजौरियो ने बताया कि माइग्रेन के मरीजों का पहला प्रश्न यही होता है कि क्या इससे मस्तिष्क को क्षति पहुंचती है? उन्होंने कहा कि आज हम इसका जवाब दे सकते हैं कि इससे घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। माइग्रेन के बारे में अब तक मिली जानकारी के अनुसार, हालांकि इसके वास्तविक कारण का पता नहीं है, लेकिन इसका संबंध मस्तिष्क में रक्त ले जाने वाली नलिकाओं से होता है। एमआरआई के जरिए पूर्व में किए शोधों से पता चला था कि जिन लोगों को भयानक माइग्रेन होता है उनमें मस्तिष्क के भीतर सूक्ष्म वाहिकाओं में छोटे-छोटे जख्म हो जाते हैं। बुजुर्ग लोगों, मधुमेह के मरीजों औरच्उच्च तनाव के शिकार लोगों के मस्तिष्क में भी इसी प्रकार के जख्म बनते हैं। बड़ी संख्या में इनका अवसाद, स्ट्रोक के खतरे, अल्जाइमर, बाधित स्मरण शक्ति तथा तार्किकता से संबंध होता है। टीजौरियो और उनके साथियों ने ऐसे लक्षण दिखाने वाले 65 साल से ऊपर के 800 लोगों पर परीक्षण किया। इन लोगों के मस्तिष्क को कोई क्षति नहीं पहुंची थी। यहां तक कि जिन लोगों में माइग्रेन की बेहद ज्यादा समस्या थी उनके दिमाग में भी किसी तरह की परेशानी नहीं दिखी।

No comments:

Post a Comment