Saturday, January 8, 2011

बड़े-बूढ़ों की आयु को लंबी करती है तेज चहलकदमी

अगर आप ज्यादा जल्दी में न हों तो भी तेज गति से चहलकदमी करें। ऐसा करना आपकी लंबी आयु के लिए मददगार हो सकता है। वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि ऐसा करने वाले बड़े बूढ़े लोगों में जीवन के ज्यादा वसंत देखने की संभावना बढ़ जाती है। वैज्ञानिकों ने जर्नल ऑफ द मेडिकल एसोसिएशन में इस अध्ययन का जिक्र करते हुए इसके पीछे कई वजहें गिनाई हैं। उन्होंने लिखा है कि चहलकदमी के लिए ऊर्जा, गति पर नियंत्रण और हृदय, फेफड़े, स्नायुतंत्र सहित शरीर के विभिन्न अंगों से सहयोग की जरूरत होती है। इस अध्ययन से पता चलता है कि तेज गति से चहलकदमी करने को उम्रदराज लोगों के स्वस्थ रहने में एक क्लिीनिकल संकेतक के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इस अध्ययन के लिए स्टीफेनी स्टुडेंस्की और उनके सहकर्मियों ने पिट्सबर्ग विश्वविद्यालय में नौ अध्ययनों का विश्लेषण किया, जिन्हें 1986 से लेकर 2000 तक किया गया था। इन अध्ययनों में शामिल लोगों की औसत उम्र 73.5 साल थी जिनमें 59.6 प्रतिशत महिलाएं थीं। प्रत्येक प्रतिभागी की स्पीड का आकलन दूरी को मीटर में और समय को सेकेंड में लेकर किया गया। अध्ययनकर्ताओं ने लिखा है कि करीब 3.3 फुट की दूरी एक सेकेंड में तय करने वाले बुजुर्गो का जीवनकाल लंबा हो जाता है। अभी तक स्वास्थ्य और क्रियाशीलता को जोड़ते हुए आयु की संभावना बताने वाले स्थापित अध्ययन नहीं हो सके हैं।


No comments:

Post a Comment