Friday, January 21, 2011

कैंसर से बचाने के लिए एंटी स्मोकलेस टोबेको पॉलिसी


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय जल्द ही तंबाकू युक्त पान मसालों और गुटखों (स्मोकलेस टोबेको) से युवा पीढ़ी को हो रहे कैंसर के बढ़ते मामलों के मद्देनजर एंटी स्मोकलेस टोबेको पॉलिसी बनाने जा रहा है। फिलहाल मंत्रालय राज्यों सरकारों के साथ एंटी टोबेको प्रोग्राम चला रहा था। रूरल हेल्थ मिशन की तर्ज पर अब अर्बन हेल्थ मिशन भी मंत्रालय शुरू करने जा रहा है। चंडीगढ़ में जल्द 100 करोड़ की लागत से पैरा मेडिकल इंस्टीट्यूट खोला जाएगा। अमृतसर के मेडिकल कालेज को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके लिए भी 100 करोड़ की राशि जारी की जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में डॉ. एचएस जज डेंटल इंस्टीट्यूट के दूसरे ब्लॉक का उद्घाटन करने के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में 100 करोड़ की लागत से खुल रहा इंस्टीट्यूट देशभर में पैरा मेडिकल स्टाफ की जरूरतों को पूरा करेगा। इस तरह के 11 पैरा मेडिकल सेंटर देशभर में खोले जा रहे हैं। अमृतसर सहित देश के अन्य 18 मेडिकल कालेजों को 100-100 करोड़ की राशि से अपग्रेड करने की योजना है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड और बिहार में भी एम्स जैसे 6 अस्पताल खोले जा रहे हैं, जो इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पीजीआई चंडीगढ़ में बढ़ रहे लोड में भी इससे कमी होगी। देश में 1350 नए मेडिकल कालेज भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देश में सबसे निचले स्तर पर स्थापित डिस्पेंसरियों और अस्पतालों में आयुष व यूनानी मेडिसन के अलावा दांतों का एक डॉक्टर उपलब्ध कराया जाएगा। गुलाम नबी आजाद ने कहा कि उनका मंत्रालय कोशिश कर रहा है कि मेडिकल क्षेत्र में ग्रेजुएट करने वाले युवाओं के लिए नौकरियों के ज्यादा से ज्यादा अवसर हों।


No comments:

Post a Comment